Politics
नौला पंचायत भवन में शुरू हुई नि:शुल्क लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षार्थियों को मिलेगा वाई-फाई और कंप्यूटर की सुविधा
नौला पंचायत भवन में शुरू हुई नि:शुल्क लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षार्थियों को मिलेगा वाई-फाई और कंप्यूटर की सुविधा वीरपुर (बेगूसराय)। ग्राम पंचायत राज नौला में विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नि:शुल्क लाइब्रेरी की सुविधा शुरू की गई है। पंचायत भवन परिसर में संचालित इस लाइब्रेरी में अध्ययन के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ वाई-फाई एवं कंप्यूटर सिस्टम की व्यवस्था की गई है। पंचायत की मुखिया रिचा देवी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि पंचायत के वैसे विद्यार्थी, युवा, शिक्षा प्रेमी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, जिन्हें पढ़ाई के लिए उचित स्थान या डिजिटल संसाधनों की आवश्यकता है, वे इस नि:शुल्क लाइब्रेरी का लाभ उठा सकते हैं। मुखिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल है। लाइब्रेरी में वाई-फाई एवं कंप्यूटर की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने पंचायत के छात्र-छात्राओं और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे पंचायत भवन स्थित नि:शुल्क लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करें और उपलब्ध संसाधनों का लाभ उठाकर अपनी तैयारी को बेहतर बनाएं। पंचायत की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।