Local News
चलती ट्रेन से गिरने से फल विक्रेता मोहम्मद कलाम की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अहमद पटेल/बेगूसराय ब्यूरो/तेजसबिंदु
14 Oct 2026
1.2K Views
चलती ट्रेन से गिरने से फल विक्रेता मोहम्मद कलाम की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
समस्तीपुर फल बेचने जा रहे थे कलाम, पीछे छोड़ गए सात बेटे और दो बेटियां
बेगूसराय। बरौनी रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह चलती ट्रेन से गिरने से 40 वर्षीय फल विक्रेता मोहम्मद कलाम की मौत हो गई। वह बरौनी-फुलवरिया वार्ड नंबर 4 निवासी स्वर्गीय रब्बान के पुत्र थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह फल बेचने के लिए समस्तीपुर जा रहे थे।
मोहम्मद कलाम अपने परिवार का भरण-पोषण फल बेचकर करते थे। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में सात बेटे और दो बेटियां हैं। कलाम की मौत से परिवार ने अपना सहारा खो दिया है। घटना की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रेलवे प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।