Politics
पत्रकारों की एकता ही लोकतंत्र की ताकत, निष्पक्ष पत्रकारिता से ही बचेगा भरोसा:~डॉ. तेजस यादव
पत्रकारों की एकता ही लोकतंत्र की ताकत, निष्पक्ष पत्रकारिता से ही बचेगा भरोसा: डॉ. तेजस यादव सिद्धार्थनगर,उत्तर प्रदेश। पत्रकार एकता फोरम के बैनर तले रविवार को विकास भवन, सिद्धार्थनगर में “मीडिया की समकालीन चुनौतियां” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, पत्रकारों के सामने बढ़ती चुनौतियों, निष्पक्ष पत्रकारिता और पत्रकारों की एकजुटता पर गंभीर मंथन किया गया। जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने और पत्रकार हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास पर जोर दिया। कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ पत्रकार सह पत्रकार एकता फोरम के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार रहे। मुख्य अतिथि प्रेस क्लब इंडिया के राष्ट्रीय पदाधिकारी अविनाश कुमार शुक्ला तथा अध्यक्षता पत्रकार एकता फोरम के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. तेजस यादव ने की। संचालन वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र कुमार कश्यप ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. तेजस यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ और समाज की तीसरी आंख हैं। किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके सभी पहलुओं की तथ्यात्मक जांच जरूरी है। पत्रकारिता की विश्वसनीयता तभी कायम रह सकती है, जब पत्रकार निष्पक्षता, तथ्य और सामाजिक जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता ही उन्हें चुनौतियों का सामना करने की ताकत देती है। मुख्य अतिथि अविनाश कुमार शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों का एकजुट होना बेहद जरूरी है। पत्रकारों को सजग प्रहरी की भूमिका निभाते हुए समाज और लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी मजबूती से निभानी चाहिए। सशक्त भारत न्यूज़18 के संपादक शैलेश कुमार राव ने कहा कि पत्रकार की कलम और कैमरा समाज की समस्याओं को सामने लाने वाली तीसरी आंख हैं। पत्रकार को किसी भी दबाव या भेदभाव से ऊपर उठकर निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता करनी चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जावेद कमाल ने पत्रकारों को कॉपी-पेस्ट की प्रवृत्ति से बचने तथा खोजी पत्रकारिता को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने पत्रकारों के बढ़ते उत्पीड़न पर चिंता जताते हुए संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने पर जोर दिया। वहीं कार्यक्रम आयोजक मनोज कुमार ने विवादित मामलों में खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की गहन जांच और पत्रकारिता में विशेष सावधानी बरतने की बात कही। प्रेस क्लब जनपद सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष भारत कन्नौजिया ने पत्रकारों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पत्रकार स्वयं को अकेला न समझे। संगठन पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। गोष्ठी में मीडिया महाकुंभ-2026, मीडिया कार्यशाला एवं पत्रकार सम्मान समारोह के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। आगामी कार्यक्रमों की तिथियों की घोषणा बाद में किए जाने की बात कही गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मनोज पासवान, संतोष गोंड, नंदनी मौर्या, डीएन शुक्ला, दीपू पासवान, सुशील खेतान, जवाहर लाल, राजकुमार वर्मा, उमेश प्रताप सिंह, श्याम नारायण सिंह, अहमद हुसैन, जय प्रकाश सहित जिले के अनेक पत्रकार मौजूद रहे।