Politics
लोकतंत्र बचाने को इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन, मोदी-शाह के इस्तीफे की मांग
लोकतंत्र बचाने को इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन, मोदी-शाह के इस्तीफे की मांग ज्ञानेश कुमार को फांसी देने और बिहार-बंगाल में दोबारा चुनाव कराने की उठी मांग बेगूसराय। इंडिया गठबंधन समन्वय समिति, बिहार प्रदेश के संयोजक तेजस्वी प्रसाद यादव के आह्वान पर बुधवार को बेगूसराय जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों पर इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले लेकर प्रदर्शन किया गया और बाद में पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान “वोट चोर गद्दी छोड़”, “मुख्य चुनाव आयुक्त को फांसी दो” और नरेंद्र मोदी-अमित शाह के खिलाफ नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन तेज करने की बात कही। मटिहानी प्रखंड में राजद प्रखंड अध्यक्ष कैलाश यादव, संजीत पासवान, त्रिभुवन कुमार पिंटू और सुधीर कुमार सिंह सहित इंडिया गठबंधन के नेताओं के नेतृत्व में प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया। वहीं बेगूसराय सदर प्रखंड में राजद प्रखंड अध्यक्ष सहजानंद यादव, माले नेता चंद्रदेव वर्मा, राजेश सिन्हा और वीआईपी नेता आजाद सहनी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ‘धरतीपुत्र’ ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। उन्होंने दावा किया कि इससे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव को लेकर आम लोगों की आशंकाएं बढ़ी थीं। मोहित यादव ने कहा कि “लोकतंत्र बचाने के लिए इंडिया गठबंधन के साथी लगातार आवाज उठाते रहेंगे।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से पद से इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को फांसी की सजा देने तथा बिहार और बंगाल में दोबारा चुनाव कराने की मांग रखी।