Politics
"महंगाई और बिगड़ी कानून व्यवस्था पर राजद का प्रदर्शन, बेगूसराय में सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी”
आरपी यादव~बिहार ब्यूरो तेजसबिंदु न्यूज
28 May 2026
1.2K Views
बेगूसराय में राजद का उग्र प्रदर्शन, बच्चियों से दुष्कर्म और महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ पुतला दहन
बेगूसराय। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार को बेगूसराय सहित पूरे बिहार में बढ़ती दुष्कर्म, हत्या और महंगाई की घटनाओं को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष मोहित यादव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन की शुरुआत बेगूसराय शहर के कैंटीन चौक से हुई, जहां से राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर नवाब चौक, नगर पालिका चौक, हड़ताली चौक, थाना चौक और कचहरी चौक तक मार्च किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी सरकार विरोधी नारे लगाते हुए बच्चियों के साथ हो रही दुष्कर्म की घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के बाद कैंटीन चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। इस दौरान प्रेस को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने पटना के निजी होटल में छात्रा के साथ हुई छेड़खानी, नीट छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या, तथा बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड के भीखमचक गांव में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि बेगूसराय स्टेशन रोड निवासी पूजा कुमारी हत्याकांड सहित जिले में कई बेटियों के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं हुईं, लेकिन अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। मोहित यादव ने कहा कि बिहार में अपराधियों का शासन चल रहा है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
राजद नेताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद, बीज, पढ़ाई, दवाई और सिंचाई समेत रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। राशन, तेल, दाल और दूध जैसी आवश्यक वस्तुएं गरीब और मध्यम वर्ग की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।
कार्यक्रम को जिला महासचिव अर्जुन यादव सदर प्रखंड अध्यक्ष बेगूसराय सहजानंद यादव महानगर उपाध्यक्ष महावीर यादव श्याम प्रसाद दास, महानगर अध्यक्ष शिवजी महतो, सुमन पासवान, त्रिभुवन कुमार सिंह उर्फ पिंटू, बूटन साह, रीना जायसवाल, देवेंद्र प्रसाद यादव, महावीर यादव, पशुपति पासवान, मुखी भगत, मनोज यादव, रामानंद प्रसाद, सुबोध कुमार चंद्रवंशी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और युवाओं की भी भागीदारी रही।