Politics
बेगूसराय में 'पंचायत विकास दिवस' की तैयारियां तेज, सहकारिता मंत्री राम कुपाल यादव 28 जून को वीरपुर के नौला पंचायत पहुंचेंगे।
आरपी यादव~बिहार ब्यूरो तेजसबिंदु न्यूज
27 Jun 2026
1.2K Views
बेगूसराय में 'पंचायत विकास दिवस' की तैयारियां तेज, सहकारिता मंत्री राम कुपाल यादव 28 जून को वीरपुर के नौला पंचायत पहुंचेंगे।
जिलाधिकारी ने जारी किया विस्तृत आदेश, सुरक्षा से लेकर आवासन, एस्कॉर्ट और विधि-व्यवस्था तक सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी।
बेगूसराय,बिहार। बेगूसराय जिले में 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री एवं बेगूसराय जिला प्रभारी मंत्री श्री राम कुपाल यादव निर्धारित कार्यक्रम के तहत वीरपुर प्रखंड के नौला पंचायत में आयोजित समारोह में भाग लेंगे।
कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, विधि-व्यवस्था, आवासन, एस्कॉर्ट, वाहन, ईंधन तथा समन्वय से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी हैं। आदेश में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता सहित कई अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व दिए गए हैं।
मंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी के निर्देश जारी किए हैं। मंत्री के साथ समन्वय के लिए जिला सहकारिता पदाधिकारी को संपर्क पदाधिकारी (Liaison Officer) नामित किया गया है, जो पूरे कार्यक्रम के दौरान उनके साथ रहेंगे।
इसके अलावा पुलिस केंद्र को मंत्री के एस्कॉर्ट हेतु वाहन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, जबकि जिला अतिथि गृह में आवासन की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को दी गई है।
प्रशासनिक आदेश के बाद स्पष्ट है कि 'पंचायत विकास दिवस' को लेकर बेगूसराय प्रशासन किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता। जिला प्रशासन की निगरानी में सभी विभाग कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में जुट गए हैं।