Education
बेगूसराय में भीषण गर्मी का असर: 8वीं तक के स्कूलों में 11 बजे के बाद पढ़ाई बंद, डीएम का बड़ा आदेश
आरपी यादव ~ बिहार ब्यूरो तेजसबिंदु न्यूज
22 May 2026
1.2K Views
बेगूसराय में भीषण गर्मी का असर: 8वीं तक के स्कूलों में 11 बजे के बाद पढ़ाई बंद, डीएम का बड़ा आदेश
बेगूसराय | लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए बेगूसराय जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 8 तक (प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र सहित) सुबह 11:00 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि दोपहर के समय तेज धूप और अत्यधिक गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश लागू किया गया है।
जारी निर्देश के अनुसार सभी विद्यालय प्रबंधन को स्कूल संचालन का समय पुनर्निर्धारित करने और आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। यह आदेश 22 मई 2026 से 25 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को निगरानी और अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाएं, पर्याप्त पानी पिलाएं और गर्मी के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें।
राज्य के अन्य जिलों में भी बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
“बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले” इसी संदेश के साथ प्रशासन ने यह कदम उठाया है।