Politics
वीरपुर प्रखंड मुख्यालय में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित
वीरपुर प्रखंड मुख्यालय में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित *बीरपुर, बेगूसराय:* महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आह्वान पर वीरपुर प्रखंड मुख्यालय में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अफरोज आलम ने की, जबकि संचालन अभिनव गुप्ता व डॉ सूरज यादव ने किया। धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज देश और राज्य की जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है। वहीं रोजगार के अभाव में युवा वर्ग निराशा का सामना कर रहा है। जिला महासचिव अर्जुन यादव ने कहा कि वर्तमान समय की समस्याएं अत्यंत गंभीर हैं। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आमजन बुरी तरह प्रभावित हैं तथा सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है। प्रखंड प्रभारी महावीर यादव ने कहा कि सरकार विकास, शिक्षा, रोजगार और जनहित के मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए समय-समय पर अन्य विषयों को सामने लाती रहती है। इससे बिहार के विकास और जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दे पीछे छूट जाते हैं। अभिनव गुप्ता ने कहा कि आम जनता महंगाई की मार से परेशान है। लगातार बढ़ती कीमतों ने गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड़ दी है। वहीं प्रखंड अध्यक्ष अफरोज आलम ने कहा कि किसान, छात्र और नौजवान विभिन्न प्रकार की समस्याओं एवं अत्याचारों से परेशान हैं। सरकार को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। धरना के दौरान वक्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की आय में वृद्धि, युवाओं को रोजगार, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण तथा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर अरुण मुखिया, मुकेश कुमार, विपिन पासवान, सुरेंद्र कुमार, रामेश्वर ठाकुर, राम प्रताप महतो, रामकृपाल मुखिया रामकैलाश महतो सुरेंद्र दास महाबीर यादव सहित राजद के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।