Politics
बेगूसराय में हैवानियत की हदें पार महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, गुप्तांग से निकली गोली और लकड़ी के टुकड़े, पीड़िता जिंदगी और मौत से जूझ रही
बेगूसराय में हैवानियत की हदें पार महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, गुप्तांग से निकली गोली और लकड़ी के टुकड़े, पीड़िता जिंदगी और मौत से जूझ रही बेगूसराय, बिहार। बरौनी अंचल अंतर्गत मल्हीपुर दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या-10 स्थित बिंद टोली में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 11 जून की रात कथित रूप से कई अपराधियों ने अरविंद बिंद को घर में बंद कर दिया तथा उनकी पत्नी के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पीड़िता को उसके पति द्वारा इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दवा देकर 14 जून को घर भेज दिया। लेकिन घर लौटने के बाद पीड़िता की स्थिति और बिगड़ गई तथा उसे गुप्तांग में असहनीय दर्द होने लगा। इसके बाद उसे पुनः सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच के दौरान पीड़िता के गुप्तांग से गोली और कई लकड़ी के टुकड़े निकाले गए। बताया जा रहा है कि पीड़िता अभी भी बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि उसके शरीर में अभी भी लकड़ी का कोई टुकड़ा फंसा हो सकता है, हालांकि उसका इलाज पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ किया जा रहा है। इस अमानवीय घटना को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के बेगूसराय जिला सचिव अवधेश कुमार राय एवं राजकिशोर सिंह ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़िता को न्याय तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने एसपी को बताया कि घटना को लगभग एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जो अत्यंत निंदनीय है। एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि 24 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भाकपा नेताओं ने सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की तथा डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। जिला सचिव अवधेश कुमार राय ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी और हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी निर्देश दिया कि पीड़िता एवं उसके परिवार की हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाए। यह घटना केवल कानून-व्यवस्था पर ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और मानवता पर एक गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग पूरे क्षेत्र में जोर पकड़ रही है।